home page

दुष्कर्म मामले में भाजपा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

 | 
दुष्कर्म मामले में भाजपा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन


चतरा, 06 अगस्त (हि.स.)। टंडवा प्रखंड के बड़गांव में नाबालिग दलित युवती से कथित दुष्कर्म और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और सिमरिया के पूर्व विधायक किशुन कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने कहा कि दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं किसी भी निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे में नहीं फंसाया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने बड़गांव के पूर्व मुखिया विजय चौबे के विरुद्ध दर्ज मामले की निष्पक्ष समीक्षा की मांग की।

भाजपा ने ज्ञापन में यह भी कहा कि पीड़िता के माता-पिता के जेल जाने के बाद उनके तीन छोटे बच्चों के भरण-पोषण एवं सुरक्षा की व्यवस्था प्रशासन सुनिश्चित करे। साथ ही आरोप लगाया कि पीड़िता की शिकायत के बावजूद संबंधित आरोपितों के विरुद्ध अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने पूरे प्रकरण की न्यायिक या उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और निर्दोष लोगों को राहत देने की मांग की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि पूर्व में आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम का मामला दर्ज होने संबंधी तथ्य सही हैं, तो उसकी भी जांच कराई जानी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोगता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी