home page

भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव

 | 
भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव


भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय का किया घेराव


रांची, 22 जुलाई (हि.स.)। झारखंड भाजपा ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय का घेराव कर राज्य में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, जेपीएससी-जेएसएससी में कथित धांधली और युवाओं के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा।

घेराव के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि पिछले छह वर्षों से झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है और इस अवधि में आयोजित लगभग हर बड़ी भर्ती परीक्षा विवादों में रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती, शिक्षक नियुक्ति सहित कई परीक्षाओं में अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के आरोप लगे, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी इस पूरे मामले पर मौन हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि लाखों युवाओं ने कड़ी मेहनत कर परीक्षाएं दीं, लेकिन बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने सवाल किया कि जब हर बार प्रश्नपत्र लीक और भर्ती अनियमितताओं के मामले सामने आते हैं तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है और कांग्रेस इस पर जवाब क्यों नहीं देती।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठी कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय धरना-प्रदर्शन की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली जिम्मेदारी युवाओं को न्याय दिलाना और पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना है, लेकिन वह इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रही है।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक भर्ती घोटालों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी और पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचारमुक्त भर्ती व्यवस्था के लिए संघर्ष करती रहेगी।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए साहू ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस को बार-बार नकारा है और आगे भी नकारती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम किया है, जबकि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोगों के रोजगार छीनने और जनता को लूटने का काम किया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में कांग्रेस-समर्थित हेमंत सोरेन की सरकार ने जेपीएससी और जेएसएससी जैसी भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भर्ती में अनियमितता और कथित घोटालों ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है।

मरांडी ने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है और कांग्रेस कार्यालय का घेराव झारखंड के लाखों बेरोजगार युवाओं के आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा, भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि जेपीएससी मामले में चल रही सीआईडी जांच केवल दिखावा है। उनका कहना था कि जैसे शराब घोटाले में बड़े लोगों को बचाने की कोशिश हुई, उसी तरह जेपीएससी मामले में भी वास्तविक दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड मुख्यमंत्री आवास में बैठा है, इसलिए जांच को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा, जो जितना बड़ा भ्रष्टाचारी, वह उतना बड़ा अधिकारी यही वर्तमान सरकार का कार्य करने का तरीका बन गया है।

इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रविन्द्र राय, मनोज सिंह, सीपी सिंह, अमरदीप यादव, दीपक बंका, सूरज चौरसिया, योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रतुल शाहदेव, सुबोध सिंह गुड्डू, रमाकांत महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे