home page

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भाजपा ने विस्थापिताें के संघर्ष को याद किया

 | 
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भाजपा ने विस्थापिताें के संघर्ष को याद किया


पूर्वी सिंहभूम, 14 अगस्त (हि.स.)। भाजपा महानगर की ओर से शुक्रवार को सीतारामडेरा मंडल के ईस्ट बंगाल कॉलोनी में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई और विस्थापित परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और पुनर्वास की कहानी को याद किया गया। ईस्ट बंगाल कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी और रिफ्यूजी कॉलोनी के बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद थे।

रघुवर दास ने कहा कि भारत का विभाजन सामान्य राजनीतिक घटना नहीं, बल्कि मानव इतिहास की भयावह त्रासदियों में से एक था। विभाजन के कारण करोड़ों लोगों को अपना घर,जमीन और पुश्तैनी स्थान छोड़ना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व की समझौतावादी और तुष्टिकरण की राजनीति और पंडित जवाहरलाल नेहरू के सत्ता मोह के कारण देश को विभाजन की त्रासदी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि इतिहास से सीख ली जा सके।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि विभाजन का इतिहास देश कभी नहीं भूल सकता। विस्थापित परिवारों ने तमाम कठिनाइयों के बावजूद मेहनत और साहस से अपना जीवन दोबारा खड़ा किया और देश के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने मजबूत, समरस और अखंड भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।

सरदार गुरप्रीत सिंह ने विभाजन के दौरान अपने परिवार की ओर से झेली गई परिस्थितियों को साझा किया और भावुक होते हुए कहा कि अपनों से बिछड़ने और घर छोड़कर भारत आने की पीड़ा आज भी स्मृतियों में ताजा है।

कार्यक्रम में मीरा मुंडा, राजन सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, मिथिलेश सिंह यादव, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, खेमलाल चौधरी, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, रीना चौधरी, प्रेम झा, बिनोद सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक