home page

भाजपा 30 जून को राज्य के सभी 595 मंडलों में मनाएगी हूल दिवस, भोगनाडीह में होगा मुख्य कार्यक्रम

 | 
भाजपा 30 जून को राज्य के सभी 595 मंडलों में मनाएगी हूल दिवस, भोगनाडीह में होगा मुख्य कार्यक्रम


रांची, 26 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 30 जून को हूल दिवस के अवसर पर पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी ने निर्णय लिया है कि राज्य के सभी 595 मंडलों में हूल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, जबकि मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक शहीद स्थल भोगनाडीह में आयोजित होगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि हूल दिवस पर सभी मंडलों में हूल क्रांति के महानायक सिदो-कान्हो, चांद-भैरव तथा वीरांगनाओं फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि भोगनाडीह में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को भव्य और व्यापक स्वरूप देने के लिए नौ सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है।

आदित्य साहू ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में झारखंड के जनजातीय समाज के वीर सपूतों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि 30 जून, 1855 को जनजातीय समुदाय ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ हूल क्रांति का बिगुल फूंका था। यह दिवस जनजातीय समाज के संघर्ष, साहस और बलिदान का प्रतीक है तथा नई पीढ़ी को उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का अवसर भी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनजातीय समाज के नाम पर केवल राजनीति करते रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी समाज के गौरव, सम्मान, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के हितों, उनकी संस्कृति, परंपरा और विरासत को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने का कार्य किया है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी मंडलों में हूल दिवस मनाने का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के महानायकों के अद्वितीय योगदान का स्मरण करना, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा समाज में उनके संघर्ष और बलिदान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे