home page

बढी बिजली दर के विरोध में भाजपा ने किया बिजली आफिस का घेराव

 | 
बढी बिजली दर के विरोध में भाजपा ने किया बिजली आफिस का घेराव


लोहरदगा, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज के नेतृत्व में झारखंड राज्य के सभी 24 प्रशासनिक जिलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़े हुए बिजली दर, लगातार हो रही बिजली कटौती और पोस्टपेड मीटर में मनमानी बिलिंग की समस्याओं के विरोध में जिला स्तरीय आक्रोशपूर्ण घेराव कार्यक्रम पत्तराटोली स्थित बिजली ऑफिस आयोजित किया।

शुक्रवार काे आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, प्रदेश मंत्री मनीर उरांव उपस्थित थे।आक्रोश प्रदर्शन के बाद विभाग के कार्यपालक अभियंता को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपा गया। इसमें बताया कि राज्य की जनता राज्य सरकार की ओर से बार बार लिए जा रहे जनविरोधी निर्णयों से आक्रोशित है। जनता राज्य की भ्रष्ट सरकार को जनादेश देने के लिए पछता भी रही है। जनता अब मान चुकी है कि चाहे 3200 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा हो या फिर 450 रूपये में गैस सिलेंडर देने का, युवाओं को नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने का सभी वादे झूठे साबित हुए।01 अप्रैल से राज्य में बिजली दर में हुई अप्रत्याशित ऊंची वृद्धि ने तो आम और खास सभी की कमर ही तोड़ दी है। 200 यूनिट मुफ्त बिजली का झांसा देकर जनता को ठगने वाली सरकार ने बिजली दर में भारी वृद्धि कर पिछले दरवाजे से जनता को सूद सहित लूटने का जनविरोधी फैसला लिया है।

मौके पर कहा गया कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल में प्रति यूनिट 50 पैसे और शहरी घरेलू उपभोक्ताओं केलिए 55 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि से आम उपभोक्ताओं को सड़क पर उतरने के लिए विवश कर दिया है। उद्योग धंधों और कृषि कार्य भी बिजली दर में वृद्धि से पूरी तरह प्रभावित हुए हैं। किसानों की कमर टूट गई है। आम जनता इस बढ़े हुए बिजली दर का बोझ सहन करने में असमर्थ है, इसलिए सड़कों पर उतरकर प्रबल विरोध कर रही है। भाजपा के नेताओं ने कहा कि यदि राज्य सरकार इस जनविरोधी फैसले को वापस नहीं लेती है तो भाजपा इस आंदोलन को और व्यापक करेगी और इसकी जिम्मेवारी सरकार की होगी। मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर