home page

भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा का राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा संपन्न

 | 
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर भाजपा का राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा संपन्न


रांची, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा का रविवार को रांची के कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ समापन हुआ।

पदयात्रा खूंटी जिले के उलिहातू स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से शुरू होकर लगभग 73 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल तक पहुंची।

पदयात्रा के शुभारंभ से पूर्व बिरसा मुंडा संग्रहालय में धरती आबा के स्मृति स्थल पर पूजा-अर्चना की गई और बिरसा रथ में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया।

तीन दिनों तक चली इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक झूमर नृत्य करते हुए जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव मनाया। कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पहुंचने पर सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरती आबा की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान किया। 73 किलोमीटर की यह पदयात्रा केवल दूरी तय करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती आबा के विचारों, आदर्शों और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। भाजपा जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस और संघर्ष से पूरे देश को अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा दी। उनका बलिदान झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने का संदेश दिया है। धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाने के लिए हम सभी को संकल्पित होना होगा।

वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान देश के इतिहास में हमेशा अमर रहेगा। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। धरती आबा के आदर्श हमें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा झारखंड की पहचान, अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने कम उम्र में ही जिस साहस और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनकी जन्मस्थली उलिहातू से समाधि स्थल तक निकली यह पदयात्रा जनजातीय समाज की एकता, गौरव और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन कुमार साय, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, विधायक सी.पी. सिंह, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, शिवशंकर उरांव, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रोशनी खलखो, वरुण साहू, अर्जुन मुंडा सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे