भाजपा ने नीतीश कुमार का राजनीतिक करियर समाप्त कर दिया : विनोद पांडेय
रांची, 05 मार्च (हि.स.)। बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरण को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राजनीतिक करियर समाप्त कर दिया है।
उन्होंने कहा कि यह बिहार की जनता के जनादेश का अपमान है। हालांकि बिहार में भाजपा की ओर से की गई साजिश को झारखंड में किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी की लड़ाई पहले भी थी और आगे भी जारी रहेगी।
विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क रही है। राज्य में भाजपा की किसी भी राजनीतिक चाल को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। बिहार में भाजपा की चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश की जनता के सामने आ गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस चेहरे पर बिहार की जनता ने भरोसा जताते हुए जनादेश दिया था, उसी चेहरे को राजनीति की मुख्यधारा से दूर कर दिया गया।
पांडेय ने दावा किया कि बिहार में भाजपा की यह साजिश काफी पहले से चल रही थी। आने वाले समय में जनता दल (यूनाइटेड) का विलय भी भाजपा में हो सकता है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

