परिमल नाथवानी की जीत पर झारखंड भाजपा उत्साहित, नेताओं ने दी बधाई
रांची, 18 जून (हि.स.)। झारखंड राज्यसभा चुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी की प्रचंड जीत पर झारखंड भाजपा काफी उत्साहित है। भाजपा नेताओं ने पहले ही परिमल नाथवानी की जीत का दावा किया था जो सच साबित हुआ । कांग्रेस की सारी रणनीति बेकार साबित हुई और एनडीए समर्थित प्रत्याशी ने जीत का परचम लहरा दिया।
परिमल नाथवानी की जीत पर झारखंड विधानसभा में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं ने उन्हें जीत की बधाई दी। वहीं परिमल नाथवानी का भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी भव्य स्वागत किया गया। परिमल नाथवानी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
जीत का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा : आदित्य साहू
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह विजय एनडीए की एकजुटता, सशक्त संगठन और जनसेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। साथ ही यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास और जनकल्याण आधारित नीतियों पर मुहर भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता तो पहले ही नकार चुकी है, झारखंड ने भी आज कांग्रेस को पूरी तरह खारिज कर दिया। कांग्रेस को अब लोग तनिक भी पसंद नहीं करते हैं। एनडीए के सारे विधायकों ने एकजुट होकर मतदान किया जो कांग्रेस के उस दावे पर करारा तमाचा है जिसमें एनडीए विधायकों को लेकर ये लोग तरह तरह का अफवाह फैला रहे थे। जिस कांग्रेस को अपना स्थानीय पोलिंग एजेंट तक नहीं मिला, उस पार्टी के बारे में बात करना ही बेकार है।
नाथवानी की जीत थी तय : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्यसभा में परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी से ही एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत तय हो गई थी। वे 12 वर्षों तक झारखंड से कुशल नेतृत्व किए हैं, इस दौरान इन्होंने अपने कार्यों से अपनी एक अलग साख और विश्वास को बनाया है, इसलिए ये राज्य की राजनीति के लिए कोई अपरिचित चेहरा नहीं थे। निर्दलीय प्रत्याशी होने के कारण इनके लिए झारखंड के सभी 81 विधायक इनके लिए वोटर थे। विधायकों ने राज्यहित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को सर्वोपरि रखते हुए पूरे विवेक से अपने मत का सदुपयोग किया है। ये पहले भी अच्छे सांसद साबित हुए हैं और आगे भी अच्छे सांसद साबित होंगे।
मरांडी ने कहा कि यह परिणाम कोई अप्रत्याशित नहीं है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार तो पहले से ही तय थी। जिस कांग्रेस को अपने विधायकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं/नेताओं पर भरोसा नहीं हो, वह चुनाव जीतने का सोच भी कैसे सकती है।
मरांडी ने एनडीए गठबंधन एवं राज्य के विकास के प्रति संकल्पित सभी विधायकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन सभी ने परिमल नथवानी के पक्ष में मतदान कर विकासोन्मुख राजनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने का कार्य किया है।
वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह जीत एनडीए की एकजुटता और मजबूत संगठन का परिणाम है। एकता और संगठन की शक्ति जब संकल्प के साथ आगे बढ़ती है, तो हर लक्ष्य आसान हो जाता है। एकजुट प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि विश्वास है कि परिमल नाथवानी अपने अनुभव और जनसेवा के संकल्प के साथ झारखंड एवं देशहित में निरंतर कार्य करेंगे।
झारखंड के विकास में योगदान देने के लिए अपनी कर्मभूमि लौटा : नाथवानी
भाजपा प्रदेश कार्यालय में परिमल नाथवानी ने कहा कि 2008 और 2020 के बीच झारखंड से एक स्वतंत्र (निर्दलीय) सांसद के रूप में दो अत्यधिक प्रभावशाली और लगातार कार्यकाल उन्होंने पूरा किया है। झारखंड से उनका पुनः चुना जाना उस राज्य में एक ऐतिहासिक वापसी का प्रतीक है जिसे वे लंबे समय से संजोते रहे हैं। झारखंड के विकास में योगदान देने के लिए वे अपनी कर्मभूमि वापस लौटे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, झारखंड विधानसभा में भाजपा के नेता बाबूलाल मरांडी, झारखण्ड विधानसभा में विरोधी दल के मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल के साथ-साथ भाजपा और एनडीए के सभी प्रमुख नेताओं के साथ सभी विधायकों के प्रति अपनी जीत सुनिश्चित करने में उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
नथवाणी ने कहा कि यहां एक दशक से अधिक का समय बिताने के कारण, झारखंड मेरे लिए नया नहीं है। यह मेरी कर्मभूमि है। यहां के लोगों की एक बार फिर सेवा करने का अवसर मिलने के लिए दिल की गहराई से आभारी हूं।
उन्होंने कहा कि मेरा प्राथमिक ध्यान मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। जहां हमारा लक्ष्य जमीनी स्तर पर ही स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए मजबूत कौशल विकास कार्यक्रम चलाने और कुटीर उद्योग को पुनर्जीवित करना है। ग्रामीण बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का विकास करना, स्वास्थ्य सुविधाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा मेरे फोकस क्षेत्र (प्रमुख ध्यान देने योग्य क्षेत्र) होंगे।
परिमल नाथवानी को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चंपाई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, जदयू विधायक सरयू राय, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान सहित अन्य नेताओं ने भी जीत की बधाई दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

