home page

भाजपा 26 नवंबर को मनाएगी ‘संविधान गौरव दिवस’, सभी सांगठनिक जिलों में होंगी संगोष्ठियां

 | 
भाजपा 26 नवंबर को मनाएगी ‘संविधान गौरव दिवस’, सभी सांगठनिक जिलों में होंगी संगोष्ठियां


रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर झारखंड के सभी सांगठनिक जिलों में विशेष संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने रविवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने संविधान गौरव दिवस के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कांग्रेस पर संविधान, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संवैधानिक संस्थाओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान की गरिमा और लोकतंत्र में इसकी भूमिका को देश की एकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हैं। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को केंद्र में रखते हुए वर्ष 2015 में संविधान गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। बाउरी के अनुसार, पहले बाबा साहेब को केवल उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर याद किया जाता था, लेकिन अब इस दिवस के माध्यम से उनके ऐतिहासिक योगदान और संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बाउरी ने आरोप लगाया कि संविधान लागू होने के बाद से ही पार्टी ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इसमें बार-बार संशोधन किए। उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में भी अपनी सत्ता बचाने के लिए संविधान में संशोधन किया गया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान के संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। बाउरी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब आंबेडकर का राजनीतिक विरोध किया। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भी उन्हें चुनाव हराने के लिए उनके खिलाफ प्रचार किया था। उन्होंने कांग्रेस से बाबा साहेब के साथ किए गए व्यवहार के लिए देश से माफी मांगने की मांग की।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान गौरव दिवस के विशेष सत्र और जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित चर्चा का बहिष्कार कर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की। झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पत्रकारों की आवाज पर अंकुश लगाने का प्रयास हो रहा है। छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।

एसआईआर को लेकर कांग्रेस के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए अमर बाउरी ने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसे कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है, वहां भी इस प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है। ईवीएम के मुद्दे पर उन्होंने राजस्थान के पंचायत चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अच्छी सीटें मिलने पर कांग्रेस ने ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन चुनाव में हार मिलने पर संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा किया जाता है।

अमर बाउरी ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर एक देश में दो निशान और दो विधान के सख्त खिलाफ थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिना किसी भेदभाव के 140 करोड़ देशवासियों के लिए योजनाएं बना रहे हैं। उन्होंने देश के विभाजन के लिए कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति को जिम्मेदार ठहराते हुए संविधान की मूल भावना को समझने पर जोर दिया।

संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित थीं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे