भाजपा छह अप्रैल को मनाएगी 47वां स्थापना दिवस,कार्यकर्ता लगाएंगे घरों पर पार्टी का झंडा
रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने 47वें स्थापना दिवस को पूरे झारखंड में उत्साह और भव्यता के साथ मनाने जा रही है। इस संबंध में स्थापना दिवस कार्यक्रम के संयोजक सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को जानकारी दी।
योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छह अप्रैल को पार्टी के लाखों कार्यकर्ता और समर्थक अपने-अपने घरों में पार्टी का ध्वज लगाएंगे और इस दिन को उत्सव के रूप में मनाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश और जिला मुख्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी की विचारधारा, इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला जाएगा।
कार्यक्रमों में पिछले लगभग 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही विभिन्न भाजपा शासित राज्यों में हुए विकास कार्यों को भी रेखांकित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी , संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को साकार करने में पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को पार्टी के सिद्धांतों और जनसेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दिलाया जाएगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

