home page

झारखंड में भाजपा ने की नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति

 | 
झारखंड में भाजपा ने की नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति


रांची, 25 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने संगठनात्मक गतिविधियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों और महानगर क्षेत्रों में नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह नई सूची जारी की गई, जिस पर भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के हस्ताक्षर हैं। पार्टी ने कहा है कि इन नियुक्तियों से संगठनात्मक कार्यों में गति आएगी और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा।

जारी सूची के अनुसार राज्य के 30 जिलों और महानगर क्षेत्रों के लिए प्रभारी तय किए गए हैं। रांची महानगर की जिम्मेदारी भरत यादव को सौंपी गई है। वहीं रांची पूर्वी के लिए अशोक शर्मा और रांची पश्चिमी के लिए नन्दजी प्रसाद को प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा जमशेदपुर महानगर की जिम्मेदारी बबन गुप्ता, धनबाद महानगर के लिए संजीव विजयवर्गीय, देवघर के लिए यदुन्दन पाठक, पलामू के लिए शशिभूषण भगत, हजारीबाग के लिए किशन दास तथा दुमका के लिए अशोक उपाध्याय को प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में लोहरदगा के लिए अमित सिंह, गुमला के लिए राकेश भास्कर और सिमडेगा के लिए सुबोध कुमार गुड्डू को जिम्मेदारी दी गई है। अन्य जिलों के लिए भी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिनका उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे