home page

बीआईटी मेसरा में ओरिएंटेशन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का स्वागत

 | 
बीआईटी मेसरा में ओरिएंटेशन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का स्वागत


रांची, 27 जुलाई (हि.स.)। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा में सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत विभागवार ओरिएंटेशन कार्यक्रमों के साथ हुई।

बीआईटी प्रबंधन अध्ययन, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान, आर्किटेक्चर, होटल प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान ने डॉक्टरेट, स्नातकोत्तर और गैर-बीटेक स्नातक कार्यक्रमों में नामांकित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शैक्षणिक व्यवस्था, अनुसंधान संस्कृति, परिसर की सुविधाओं और छात्र सहायता सेवाओं से परिचित कराया।

इस अवसर पर डॉ प्रवीण श्रीवास्तव ने कहा कि ओरिएंटेशन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, अनुसंधान के अवसर, डिजिटल शिक्षण संसाधन, प्लेसमेंट, वैश्विक एलुमनाई नेटवर्क तथा बहु-विषयक शिक्षण वातावरण की जानकारी देना था। साथ ही उन्हें नवाचार, नेतृत्व क्षमता और समग्र विकास के लिए प्रेरित किया गया।

प्रबंधन अध्ययन विभाग में एमबीए, इंटीग्रेटेड एमबीए और बीएचएम के विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।

मौके पर डॉ प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ गौतम सरखेल, प्रो श्रद्धा शिवानी, प्रो संदीप सिंह सोलंकी तथा विभागाध्यक्ष डॉ कुमार संजय सवर्णी ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, व्यावहारिक कौशल और संस्थान की विभिन्न सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग ने पहली बार शुरू किए गए एमए इन लिबरल आर्ट्स के प्रथम बैच का स्वागत किया। विभागाध्यक्ष डॉ भास्कर कर्ण और संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को अंतर-विषयक शिक्षा, अनुसंधान और व्यावसायिक विकास के अवसरों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रो संदीप सिंह सोलंकी, डॉ गौतम सरखेल, प्रो श्रद्धा शिवानी, विभागाध्यक्ष डॉ कुमार संजय सवर्णी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar