home page

लातेहार के विपुल ने रचा इतिहास, बने आईएएस अधिकारी

 | 
लातेहार के विपुल ने रचा इतिहास, बने आईएएस अधिकारी


लातेहार, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत चटकपुर गांव निवासी विपुल गुप्ता ने यूपीएससी सिविल सर्विस की परीक्षा में 103 वां रैंक लाकर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। विपुल गुप्ता पवन कुमार गुप्ता और दीपा गुप्ता के पुत्र हैं। विपुल का चयन आईएएस अधिकारी के रूप में होने की खबर मिलने के बाद परिजनों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

उल्लेखनीय है कि विपुल शुरू से ही पढ़ने में काफी प्रतिभाशाली थे। वे आईएएस अधिकारी बनकर समाज के लिए कुछ अच्छा करना चाहते थे। उन्होंने दो बार पहले भी यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा दी थी। पिछले साल उन्हें इस परीक्षा सफलता भी मिली थी, लेकिन रैंक अच्छा नहीं रहने के कारण आईएएस कैडर नहीं मिला था। हालांकि गत वर्ष विपुल ने भारतीय वन सेवा की परीक्षा में पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष पुन: विपुल ने यूपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा दी थी, जिसमें उन्हें सफलता मिली और वह आईएएस अधिकारी बन गए।

यहां बताते चलें कि लातेहार का महुआडांड़ अत्यंत पिछड़ा हुआ प्रखंड है। हालांकि यहां शिक्षा के क्षेत्र में वर्तमान समय में कुछ अच्छे स्कूल चल रहे हैं। विपुल की सफलता के बाद पूरे इलाके में उत्साह है। विपुल के दादा जयप्रकाश गुप्ता ने लोगों के बीच मिठाई भी बांटी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार