अपराधियों ने व्यवसायी से लूटा 01 लाख के जेवर, दो संदिग्ध हिरासत में
दुमका, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक बार फिर बाइकर्स गैंग ने नेशनल हाईवे पर लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे-133 स्थित माथाकेशो गांव के समीप दो बाइक पर सवार चार सशस्त्र अपराधियों ने तितमोह गांव निवासी ज्वेलरी व्यवसायी राहुल साह से करीब एक लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण लूट लिए।
पीड़ित राहुल साह ने बताया कि वे कोठिया स्थित अपनी ज्वेलरी की दुकान को बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ब्लू कलर की अपाची और बजाज पल्सर बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने देशी कट्टा दिखाकर उन्हें अपने कब्जे में लिया और बैग में रखे आभूषण और मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने सरैयाहाट थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

