home page

बाइक और बोलेरो की टक्क्र दो की मौत, एक घायल

 | 
बाइक और बोलेरो की टक्क्र दो की मौत, एक घायल


लोहरदगा, 28 मार्च (हि.स.)। नेशनल हाईवे 143 ए कुड़ू - लोहरदगा मुख्य पथ पर थाना क्षेत्र के टाटी पानी टंकी के समीप बोलेरो व बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया है। घायल का कुड़ू में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के दोबा गांव निवासी दो युवक अनुप उरांव और अंकित उरांव कैरो थाना क्षेत्र की लड़की पिंकी उरांव को लेकर होंडा साइन बाइक से लोहरदगा की तरफ जा रहे थे, बोलेरो लोहरदगा से कुड़ू की तरफ आ रही थी।

इसी बीच टाटी पानी टंकी के समीप बोलेरो और बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर ही अनुप उरांव और पिंकी उरांव की मौत हो गई, जबकि अंकित उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी थाना प्रभारी अजीत कुमार को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतक के शव को कब्जे में कर लिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी पहुंचाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है। घायल युवक की हालत नाज़ुक बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बोलेरो को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर