रामगढ़ में फिर सक्रिय हुए कोढ़ा गैंग के सदस्य, पुलिस ने जारी किया अलर्ट
रामगढ़, 05 जून (हि.स.)। जिले में कोढ़ा गैंग के लोग एक बार फिर सक्रिय हैं। चेन छिंतई, बैंक से निकलने के बाद बैग छिंतई और अन्य लूट की घटनाओं को अंजाम देने में माहिर गैंग के सदस्य रामगढ़ जिले में प्रवेश कर चुके हैं। बैंकों के आसपास, सब्जी मंडी और भीड़भाड़ इलाकों के अलावा मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वाली महिलाओं, बुजुर्ग व्यक्ति को कोढ़ा गैंग के सदस्य अपना शिकार बना सकते हैं। रामगढ़ पुलिस ने गैंग के सदस्यों की गतिविधि की सूचना मिलते ही आम नागरिकों को अलर्ट कर दिया है। कोई भी महिला या बुजुर्ग व्यक्ति मॉर्निंग वॉक के दौरान अगर सोने का चेन पहनकर निकल रहे हैं तो उन्हें अभी से ही सतर्कता बरतनी होगी।
इससे पहले भी रामगढ़ शहर और ग्रामीण इलाकों में चेन छिंतई की घटनाओं के कई लोग शिकार हो चुके हैं। पुलिस पहले भी कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन इस बार कोढ़ा गैंग के नए सदस्य उन वारदातों को अंजाम देने के लिए आए हैं। रामगढ़ शहर के भीड़ भाड़ वाले इलाके और बैंकों के आसपास पुलिस ने अभी से ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
कोढ़ा गैंग के सदस्य हजारीबाग और रामगढ़ के कुजू ओपी क्षेत्र में वारदात को अंजाम दे चुके हैं। हजारीबाग जिले में वारदात को अंजाम देने पहुंचे सदस्यों को आम नागरिकों ने दौड़ा कर भगाया भी है। कुजू ओपी क्षेत्र में चेन छिंतई की एक वारदात को उन लोगों ने अंजाम भी दिया है। रामगढ़ और हजारीबाग की पुलिस उस गैंग के सदस्यों को पकड़ने में लगी हुई है। सीसीटीवी कैमरे में भी उनकी तस्वीरें कैद हुई है। पुलिस उनकी पहचान कर उन्हें पकड़ने में जुटी है।
पुलिस लगातार वाहन चेकिंग के दौरान उन गाड़ियों की भी तलाश कर रही है जिसका इस्तेमाल कोढ़ा गैंग के सदस्य कर रहे हैं। उनकी बाइक पर जो नंबर प्लेट लगा है, उसकी तस्वीर भी जारी की गई है। इसके अलावा नंबर प्लेट बदलकर घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की गाड़ी की भी पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

