home page

पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को मिली डिजिटल मार्केटिंग की जानकारी

 | 
पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को मिली डिजिटल मार्केटिंग की जानकारी


रामगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के उत्पादों की ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और मार्केटिंंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को पतरातू प्रखंड के तालाटांड़ पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय, रांची की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 110 से अधिक कारीगरों एवं लाभार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अग्रणी जिला प्रबंधक देवनारायण उरांव ने कारीगरों को सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने पारंपरिक व्यवसाय को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन बिक्री, सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) पोर्टल पर पंजीकरण, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी गई। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से 12 लाभार्थियों के लिए क्यूआर कोड तैयार कर मौके पर उपलब्ध कराया गया।

विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और वित्तीय सहायता के बारे में बताया। वहीं, रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रो. असीम कुमार ने उत्पादों के डिजाइन, नवाचार और प्रचार-प्रसार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैट जीपीटी जैसी तकनीकों की उपयोगिता समझाई।

जीईएम के बिजनेस फैसिलिटेटर सुबोधकांत ने सरकारी खरीद बाजार तक पहुंचने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया बताई। सभ्याशा रिटेल टेक प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक शशांक शेखर पात्रो ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के तरीके साझा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश