home page

जनसमस्याओं काे संवेदनशील रहते हुए समाधान करना ही सच्ची जनसेवा : उपायुक्त

 | 
जनसमस्याओं काे संवेदनशील रहते हुए समाधान करना ही सच्ची जनसेवा : उपायुक्त


रांची, 04 मई (हि.स.)। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सोमवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में प्रशिक्षु उप समाहर्त्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य अधिकारियों को जिला प्रशिक्षण के दौरान मार्गदर्शन करना और उन्हें जिला प्रशासन की भूमिका, जिम्मेदारियों और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना था।

उपायुक्त ने प्रशिक्षु उप समाहर्त्ताओं से एक-एक कर उनके कार्य अनुभव, पिछली भूमिकाओं तथा प्रशासनिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी ली। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी उप समाहर्त्ताओं से एक-एक कर उनके कार्य अनुभव, पिछली भूमिकाओं और प्रशासनिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से उनके विचार, चुनौतियों और सुझाव भी सुना। इसके बाद उपायुक्त ने उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने एवं लाभुकों को योजनाओं से जोड़कर वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनसेवा के प्रति रखें पूर्ण समर्पण

उपायुक्त ने अधिकारियों को जिला प्रशासन में अपनी भूमिका निभाते हुए आप जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण रखने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, निष्ठा, जवाबदेही और तेज गति से कार्य संपादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशिक्षण के दौरान सभी अधिकारी सक्रिय रहें, स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था, अधिकारियों की भूमिका, विभिन्न विभागों के कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया को गहराई से समझें। जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनका शीघ्र समाधान करना ही सच्ची जनसेवा है।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण अवधि में विभिन्न प्रखंडों, अंचलों और विभागों का अध्ययन करें एवं वास्तविक क्षेत्रीय समस्याओं से रू-ब-रू हों। उन्होंने कहा कि प्रशासन का अंतिम लक्ष्य आम नागरिक तक बेहतर सुविधाएं और विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बैठक में स्थापना उप समाहर्ता बिवेक सुमन भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak