home page

किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने में बरतें पारदर्शिता : उपायुक्त

 | 
किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने में बरतें पारदर्शिता : उपायुक्त


रांची, 27 मई (हि.स.)।

रांची में कृषि, पशुपालन, सहकारिता, मत्स्य एवं गव्य विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा को लेकर बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में खरीफ फसल की तैयारी, बीज-उर्वरक उपलब्धता, सिंचाई, मृदा संरक्षण और पशुधन एवं मत्स्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उर्वरकों की कालाबाजारी और कृत्रिम संकट की आशंका को देखते हुए सतत निगरानी रखने और स्टॉक मॉनिटरिंग के लिए मजिस्ट्रेट तैनात करने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि जिले में अप्रैल में 35.5 मिमी और मई में अब तक 77.7 मिमी वर्षापात दर्ज किया गया है। उपायुक्त ने खरीफ फसल के प्रखंडवार लक्ष्य के अनुरूप खेती सुनिश्चित करने और तेलहन एवं मोटे अनाज उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मृदा परीक्षण और सॉयल हेल्थ कार्ड वितरण में तेजी लाने, किसान कॉल सेंटर में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने और ड्रिप इरिगेशन योजनाओं से अधिक किसानों को जोड़ने का निर्देश भी दिया गया।

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, डेयरी, मत्स्य एवं तालाब निर्माण योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लाभुक चयन में पारदर्शिता एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।

इस अवसर पर कई अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar