home page

आरक्षण की मांग पर केंद्रीय पिछड़ी जाति संघर्ष समिति ने अरगोड़ा चौक किया जाम

 | 
आरक्षण की मांग पर केंद्रीय पिछड़ी जाति संघर्ष समिति ने अरगोड़ा चौक किया जाम


रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी नौकरी में आरक्षण, राजनीति में हिस्सेदारी, पेसा कानून के तहत अधिकार और जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर पिछड़ी जाति संघर्ष समिति की ओर से पांच जिलों में आहूत बंद के दौरान मंगलवार को राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक पर सड़क जाम कर दिया गया। बंद समर्थकों के सड़क पर उतरने से यातायात प्रभावित हुआ।

अरगोड़ा चौक पर जाम के कारण सचिवालय जाने वाले कर्मचारियों सहित आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात को सुचारू रखने के लिए कई लोगों ने कटहल मोड़ और डोरंडा की ओर से जाने का रास्ता अपनाया। इसके चलते इन दोनों मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति बनी रही।

अरगोड़ा चौक पर बंद समर्थकों द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बंद समर्थकों से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया।

अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई ने बताया कि करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहा। बंद समर्थकों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटा लिया गया और आवागमन सामान्य कराया गया।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे