home page

अपराधियों ने बैंक में डकैती के लिए गार्ड पर की फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

 | 

गोड्डा, 02 मार्च (हि.स.)। बैंक ऑफ़ इंडिया की केंचुआ चौक, महागामा शाखा में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने डकैती का प्रयास किया गया। हालांकि बैंक के निजी सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना लगभग सुबह 11.30 बजे की है। हेलमेट और मास्क पहने करीब पांच से छह अपराधी बैंक परिसर में पहुंचे। एक व्यक्ति हेलमेट पहनकर बैंक के अंदर प्रवेश किया। गेट पर तैनात निजी सुरक्षा गार्ड विनोद सिंह ने उससे हेलमेट हटाने को कहा, जिस पर वह उलझ गया। देखते ही देखते दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान अपराधी ने गार्ड पर गोली चला दी, जो उनके बाएं कंधे में जा लगी। गोली लगते ही गार्ड जमीन पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। स्थिति बिगड़ती देख अपराधी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे और घायल गार्ड को तत्काल रेफरल अस्पताल, महागामा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एक्स-रे जांच कराई, जिसमें गोली बाएं कंधे में फंसी पाई गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर स्थित एम्स देवघर रेफर किया गया।

पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। फुटेज में पांच अपराधी दिखाई दे रहे हैं, जिनके पास हथियार थे। वे घटना के बाद बाइक से बसुआ चौक की ओर भागते नजर आए। घटनास्थल से दो खोखा और एक चप्पल बरामद किया गया है।

पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार