रांची में 25 अक्टूबर से लगेगी बनारसी साड़ियों की प्रदर्शनी
रांची, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बनारसी साड़ियों की पारंपरिक खूबसूरती और बुनकरों की कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची के बरियातू स्थित पूजा श्री मैरिज हॉल में 25 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक विशेष बनारसी साड़ी प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए प्रदर्शनी की आयोजिका प्रिया सिंह ने शनिवार को दी।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे से रात 10.30 बजे तक लगेगी। यहां ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाली बनारसी साड़ियां और सूट किफायती दरों पर खरीदने का अवसर मिलेगा। साथ ही, स्थानीय व्यापारियों और बनारस के कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदर्शनी में बनारसी सिल्क, शिफॉन, टिश्यू, तसर, मूंगा सिल्क, कॉटन और खड्डी सहित विभिन्न प्रकार की साड़ियों की आकर्षक रेंज उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा बनारसी सूट और दुपट्टे भी प्रदर्शित किए जाएंगे। पारंपरिक डिजाइन, उत्कृष्ट बुनाई और विभिन्न प्रकार के कपड़े प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण होंगे।
प्रिया सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में बनारस से आए चार कारीगर भी मौजूद रहेंगे। इससे ग्राहकों को बनारसी बुनाई और पारंपरिक हस्तकला को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य ग्राहकों और बुनकरों को एक मंच पर लाने के साथ पारंपरिक वस्त्र कला को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर उदय प्रताप सिंह, प्रशांत सिंह, बनारस से आए कारीगर धीरज कुमार प्रजापति, निखिल, बुद्धिराम और गोविंद सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

