home page

हटिया में बलभद्र जयंती पर पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित

 | 
हटिया में बलभद्र जयंती पर पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित


रांची, 21 सितंबर (हि.स.)। ब्याहुत कलवार संघ तुपुदाना, हटिया, धुर्वा के तत्वावधान में सोमवार को पुष्पांजलि बैंक्वेट हॉल, हटिया में श्री बलभद्र जयंती सह पारिवारिक मिलन समारोह-2026 हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री बलभद्र के पूजन, आरती और हवन से हुई। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया।

मुख्य समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि सतपाल गुप्ता और पूनम देवी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूनम देवी ने समाज में ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने, मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ाने और समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता से ही राज्य और राष्ट्र का विकास संभव है।

संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि समारोह में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। समाज के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को श्री बलभद्र विशिष्ट सेवा सम्मान तथा अतिथियों को विशिष्ट अतिथि सेवा सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, वरिष्ठ सदस्यों को आजीवन योगदान और समाजसेवा के लिए श्री बलभद्र प्रतिष्ठा सम्मान से सम्मानित किया गया।

मंच संचालन सुनीता सिंह ने किया, जबकि स्वागत उद्घोषणा विनोद कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम के समापन के बाद श्री बलभद्र रसोई में सामूहिक भोज का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar