home page

रामगढ़ में बजरंग दल का प्रदर्शन, जिहादी घटनाओं के विरोध में पुतला दहन

 | 
रामगढ़ में बजरंग दल का प्रदर्शन, जिहादी घटनाओं के विरोध में पुतला दहन


रामगढ़ में बजरंग दल का प्रदर्शन, जिहादी घटनाओं के विरोध में पुतला दहन


रामगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ जिले में शनिवार को देशभर में बढ़ रही कथित जिहादी घटनाओं के विरोध में बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन की ओर से पुतला दहन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

शहर के सुभाष चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के माध्यम से लव जिहाद, अवैध भूमि कब्जा, धर्मांतरण, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोपों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।

कार्यक्रम में विहिप के प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार और जिला अध्यक्ष संतू भाई मानिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने इस मौके पर कहा कि लव जिहाद और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कठोर कानून बनाए जाने चाहिए, ताकि महिलाओं और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों और सोशल मीडिया पर नजर रखने की अपील की गई।

जिला अध्यक्ष संतू भाई मानिक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में आक्रोश पैदा करती हैं और यदि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। इस मौके पर जिला मंत्री छोटू वर्मा, सह मंत्री तरुण वर्मा, भागीरथ पोद्दार, बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर, सह संयोजक नंद किशोर राम, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव और गौरक्षा प्रमुख जगत नारायण शाह सहित कई लोग उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश