अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर बैडमिंटन और तैराकी प्रतियोगिता
रामगढ़, 23 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेलकूद को बढ़ावा देने और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को उचित मंच देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
समाहरणालय स्थित स्विमिंग पूल और बैडमिंटन कोर्ट परिसर में आयोजित इस खेल उत्सव का शुभारंभ डीसी ऋतुराज ने गुब्बारे उड़ा कर किया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में बाल व युवा प्रतिभागी, खेल प्रेमी और उनके अभिभावक सम्मिलित हुए।
डीसी ऋतुराज ने बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया और मैच खेल रहे खिलाड़ियों के कौशल को देखा। इस दौरान उन्होंने स्वयं खेल की बारीकियों को रेखांकित करते हुए खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण खेल टिप्स साझा किए। इसके बाद डीसी ने स्विमिंग पूल परिसर का भ्रमण कर तैराकी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के
लिए प्रेरित किया।
डीसी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक अनिवार्य और अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है। यह न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे मानवीय मूल्यों का बीजारोपण भी करता है। जिला प्रशासन जिले के प्रत्येक प्रतिभावान खिलाड़ी को हर संभव प्रशासनिक सहयोग, संसाधन और आधुनिक खेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है ताकि वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम गौरवान्वित कर सकें।
जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल क्रियान्वयन एवं सुचारू संचालन की उपस्थित अभिभावकों और खेल संघों की ओर से व्यापक सराहना की गई।
इस अवसर पर डीडीसी आशीष अग्रवाल, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ प्रभात शंकर सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

