home page

जेल और थानों में अमानवीय घटनाओं पर सरकार सख्त कार्रवाई करे : बाबूलाल मरांडी

 | 
जेल और थानों में अमानवीय घटनाओं पर सरकार सख्त कार्रवाई करे : बाबूलाल मरांडी


रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की जेलों और थानों में अमानवीय घटनाओं के साथ सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोप सत्ता में शामिल कांग्रेस के विधायक से जुड़े हैं। ऐसे में उन्हें बचाए जाने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है।

मरांडी ने बताया कि उन्होंने पीड़िता से मुलाकात की है और बच्ची ने उन्हें अपनी आपबीती बताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक की पत्नी और बहन भी बच्ची के साथ मारपीट करती थीं। उन्होंने सरकार से पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

होटवार जेल की घटना पर चिंता जताते हुए मरांडी ने कहा कि जेल को सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है, लेकिन वहां भी कैदी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 वर्षीय युवक के साथ महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल जैसे अवसरों पर सामूहिक यौन हिंसा की गई। पीड़ित ने लिखित शिकायत की तो उस आवेदन को फाड़ दिया गया और उसका समुचित इलाज तक नहीं कराया गया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इससे पहले भी होटवार जेल में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं को लेकर उन्होंने सरकार को पत्र लिखा था। अदालत ने भी मामले पर संज्ञान लिया, लेकिन सरकार ने कार्रवाई और जवाबदेही तय करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया। उन्होंने जेल के सभी जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल हटाने और निष्पक्ष जांच के लिए आरोपित कैदियों को दूसरी जेल में स्थानांतरित करने की मांग की है।

पुलिस और न्यायिक हिरासत में हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय को सौंपी रिपोर्ट में वर्ष 2026 तक पुलिस और न्यायिक हिरासत में 427 लोगों की मौत होने की जानकारी दी है। इनमें 262 मामलों में न्यायिक जांच नहीं हुई, बल्कि कार्यपालक दंडाधिकारी से जांच कराई गई।

मरांडी ने लातेहार जिले के बरियातू थाना में एक आदिवासी महिला को प्रताड़ित किए जाने, सरायकेला के कपाली ओपी में एक आदिवासी युवती को तीन घंटे तक कमरे में पीटे जाने और देवघर के पालाजोरी थाना में पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति की मौत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय शर्मा और मीडिया सह-प्रभारी सतीश सिन्हा भी उपस्थित थे।---------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे