home page

पेंशन भुगतान में देरी पर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को घेरा, बकाया राशि जारी करने की मांग

 | 
पेंशन भुगतान में देरी पर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को घेरा, बकाया राशि जारी करने की मांग


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के भुगतान में देरी को लेकर हेमंत सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच-छह महीनों से पेंशन का भुगतान रुका हुआ है, जिससे जरूरतमंद लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

मरांडी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि कई बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लोगों के लिए हर महीने मिलने वाली पेंशन ही आय का मुख्य सहारा है। इसी राशि से कोई दवा खरीदता है, तो कोई घर का राशन चलाता है। उन्होंने कहा कि पेंशन नहीं मिलने से कई जरूरतमंद लोग दवा और भोजन तक के लिए परेशान हैं और कुछ परिवारों के सामने अगली शाम का चूल्हा जलाने की चिंता है।

बाबूलाल ने कहा कि कुछ लोगों के लिए एक हजार रुपये की राशि छोटी हो सकती है, लेकिन जरूरतमंदों के लिए यही रकम बेहद महत्वपूर्ण है। किसी बुजुर्ग के लिए यह दवा और इलाज का सहारा है, विधवा के लिए घर चलाने का साधन और दिव्यांग व्यक्ति के लिए सम्मान के साथ जीवन जीने का जरिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार से मामले में तत्काल संज्ञान लेने और वृद्धावस्था तथा दिव्यांग पेंशन की बकाया राशि का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे