home page

दशम फॉल घटना को लेकर बाबूलाल ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल, पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग

 | 
दशम फॉल घटना को लेकर बाबूलाल ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल, पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग


रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के दशम फॉल क्षेत्र से हाईवे तक महिलाओं की गाड़ी का पीछा करने और उनके साथ कथित बदसलूकी की घटना को गंभीर और चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में मरांडी ने कहा कि सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि महिलाओं द्वारा सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस समय पर उनकी सहायता के लिए नहीं पहुंच सकी। उनके अनुसार, ऐसी स्थिति में आम लोगों का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होना स्वाभाविक है।

मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार एक ओर निवेशकों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित कर रही है, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था की ऐसी घटनाएं निवेश के माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में पुलिस वाहन से युवक को उतारकर हत्या किए जाने जैसी घटनाएं सामने आती हों और महिलाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित न हो, वहां सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न उठना स्वाभाविक है।

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार के पर्यटन को बढ़ावा देने के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मानसून और पर्यटन सीजन के दौरान भी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है।

मरांडी ने रांची और झारखंड पुलिस से मांग की कि दशम फॉल सहित राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यापक और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से पर्यटकों का विश्वास बढ़ेगा और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे