home page

कैप्टन स्मित की बहादुरी पर राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर बाबूलाल ने उठाए सवाल

 | 
कैप्टन स्मित की बहादुरी पर राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर बाबूलाल ने उठाए सवाल


रांची, 05 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने फ्लाईदुबई की उड़ान में आतंकी हमले को नाकाम करने वाले कैप्टन स्मित की बहादुरी की प्रशंसा की है। साथ ही उन्होंने कैप्टन की बहादुरी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने को लेकर सवाल उठाए हैं।

बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कैप्टन स्मित ने अपनी जान की परवाह किए बिना 174 लोगों की जान बचाई और देश का नाम ऊंचा किया। कैप्टन स्मित के साहस की देश-दुनिया में प्रशंसा हो रही है, लेकिन राहुल गांधी की ओर से उनकी बहादुरी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। मरांडी ने सवाल किया कि क्या इसकी वजह यह है कि कैप्टन स्मित हिंदू हैं।

मरांडी ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले में पुलिसकर्मी तुकाराम ओंबले की बहादुरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह ओंबले ने अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकियों का मुकाबला किया था, उसी तरह कैप्टन स्मित ने भी संकट के समय साहस दिखाया और लोगों की जान बचाई। उन्होंने दावा किया कि हमले के दौरान कैप्टन स्मित ने हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए अपना हौसला बनाए रखा।

बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी पर हिंदुओं के प्रति भेदभाव का आरोप लगाते हुए सवाल किया कि यदि इस घटना का नायक किसी दूसरे समुदाय से होता तो उनकी प्रतिक्रिया क्या होती। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की बहादुरी को उसकी जाति या धर्म के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश की जनता का विश्वास जीतने के लिए हर नागरिक, हर धर्म और हर समुदाय का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के जरिए देश का भरोसा नहीं जीता जा सकता।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे