home page

विश्व यक्ष्मा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 | 
विश्व यक्ष्मा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


रामगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। विश्व यक्ष्मा दिवस पर मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज उपस्थित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम एवं 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

सिविल सर्जन डॉ नवल कुमार ने वर्ष 2025 की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि जिला यक्ष्मा केन्द्र रामगढ़ में कुल 22, 850 संभावित मरीजों की नि:शुल्क बलगम जांच नाट मशीन से की गई। इनमें से 1,594 मरीजों को टीबी नोटिफाइड किया गया। सभी मरीजों का उपचार शुरू किया गया। इनमें 27 एमडीआर मरीज पाए गए। वर्ष 2025 में 98 प्रतिशत सफल उपचार दर रही। वर्तमान में जिले में 755 मरीज उपचाररत हैं।

वहीं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी ने बताया कि जिले में टीबी जांच और इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। 05 टीबी यूनिट, 13 टीबी डिक्टेशन सेंटर, 12 ट्रुएनाट मशीन, एक सीबीनेट मशीन उपलब्ध हैं। जिनके माध्यम से मरीजों की जांच और इलाज किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025 में जिले की 33 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया। इस उपलब्धि पर संबंधित मुखिया, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, सहिया, सहिया साथी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले यक्ष्मा कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मौके पर जििला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी निक्षय मित्र जिंदल फाउंडेशन की सीएमओ डॉ मंजु झा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक इकाई, पंचायत प्रतिनिधि सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश