home page

विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 | 
विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


रामगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। विश्व पृथ्वी दिवस पर श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को प्रातः कालीन विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, लघु नाटिका का मंचन और पोस्टर-निर्माण किया। बच्चों ने पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लघु नाटिका का शीर्षक था प्लास्टिक का जाल पृथ्वी बेहाल। इस नाटिका से विश्व को प्लास्टिक मुक्त बनाने पेड़ लगाने एवं पृथ्वी की ऊर्जा के संसाधनों के सीमित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। इस विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन विद्यालय के विज्ञान विभाग ने किया था। विद्यार्थियों ने शपथ लेकर पर्यावरण बचाने और पृथ्वी को संरक्षित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विभिन्न कक्षाओं में पर्यावरण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा नर्सरी के विद्यार्थियों ने चित्रों पर पत्ते चिपकाए। कक्षा एलकेजी के विद्यार्थियों ने कहानी कहकर पर्यावरण दिवस मनाया।

कक्षा यूकेजी के विद्यार्थियों ने गेहूं रोपण करके अंकुरित पौधों को देखा। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने बगीचे में घूम कर प्रकृति को समझा। कक्षा 2 के विद्यार्थियों ने बैच बनाकर पर्यावरण दिवस के कार्यक्रम में योगदान दिया।

कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य हरजाप सिंह ने कहा कि पृथ्वी हमारी जीवनदायिनी है। इसकी सुरक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। यदि हम आज से ही पर्यावरण के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाना और उसकी देखभाल करना चाहिए। साथ ही, जल संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाना अत्यंत आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश