home page

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता रथ रवाना

 | 
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता रथ रवाना


रांची, 30 मई (हि.स.)।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर रांची जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम सह उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर उन्होंने अधिकारी पदाधिकारियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई। साथ ही तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो विषयक जनजागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि तंबाकू सेवन फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक, सीओपीडी तथा मुंह और गले के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। मौके पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के उद्देश्यों, गतिविधियों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

इस वर्ष की थीम तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के आकर्षण का पर्दाफाश, उद्योगों की रणनीतियों को उजागर करना पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम में युवाओं और बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने और शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री और उपयोग प्रतिबंधित है। तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण और जनस्वास्थ्य संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, छात्राएं और अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar