डाॅ आशा लकड़ा ने जनजातीय समाज की समस्याओं काे दूर करने का दिया निर्देश
लोहरदगा, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी की सदस्य डॉ आशा लकड़ा ने शनिवार को लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रखंड स्तरीय जनजातीय संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं जनजातीय समाज से जुड़े मामलों की जानकारी ली।
इस दौरान जनजातीय समाज एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की ओर से क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और आधारभूत सुविधाओं की कमी, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और शिक्षा व्यवस्था से संबंधित समस्याएं, जर्जर आंगनवाड़ी केंद्रों के कारण बच्चों एवं लाभुकों को हो रही परेशानियां तथा सीएनटी एक्टा के उल्लंघन से संबंधित आदिवासी भूमि हस्तांतरण एवं भूमि विवाद के मामले प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जनजातीय समाज से संबंधित मामलों का समय पर समाधन निकालें अधिकारी
मौके पर आशा लकड़ा ने जनजातीय समाज और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना एवं संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनजातीय समाज से संबंधित मामलों का समय पर और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने निर्देश दिया। विशेष रूप से जनजातीय भूमि से जुड़े मामलों में सीएनटी एक्ट के प्रावधानों का पालन करने, लंबित मामलों की नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, आंगनवड़ी केंद्रों की स्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
साथ ही सरना एवं मसना स्थलों से संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और जनजातीय समाज को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिया गया।
डॉ आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों और हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जनजातीय सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पीडी, आईटीडीए सुषमा निलिमा सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, कुडू के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह-अंचल अधिकारी संतोष उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

