ऑटो से लूटकांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
रांची, 22 जून (हि.स.)। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से पुलिस ने ऑटो रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 20 जून को धुर्वा के सेक्टर-1 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप रहने वाले श्याम सुंदर कुमार ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ ऑटो रोककर लूटपाट करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा और पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अपराधी डोरंडा थाना क्षेत्र के लाइन मुहल्ला में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद नाविद राजा के घर पर छापेमारी की, जहां एक कमरे में मोहम्मद नाविद राजा और अरमान अंसारी उर्फ अरमान छिपे मिले।
तलाशी के दौरान अरमान अंसारी के पास से एक इनफिनिक्स कंपनी का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मोबाइल चोरी का है और चाकू का इस्तेमाल इसी वारदात में किया गया था।
वहीं मोहम्मद नाविद राजा के घर की तलाशी लेने पर लूटे गए चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

