नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास में दो आरोपित गिरफ्तार
बोकारो, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नाबालिग की अस्मिता पर हमला करने की कोशिश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया।
उल्लेेेेखनीय है कि 12 अप्रैल की शाम को एक महिला अपनी नाबालिग पुत्री के साथ बालीडीह थाना पहुंची और दो व्यक्तियों की ओर से उसकी बेटी के साथ यौन शोषण का प्रयास किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्णा कपरदार (32) और अमित कुमार मंडल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक (हीरो ग्लैमर, संख्या जेएच05एडब्ल्यू-2310) एवं दो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के साथ पुलिस टीम के कई पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

