home page

वेतन-बोनस की मांग को लेकर एटीपीएल मजदूरों ने ठप किया काम

 | 
वेतन-बोनस की मांग को लेकर एटीपीएल मजदूरों ने ठप किया काम


देवघर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। चितरा कोलियरी क्षेत्र के दमगढ़ा खदान में कार्यरत एटीपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मजदूरों ने वेतन और बोनस की मांग को लेकर शनिवार को कामकाज ठप कर विरोध-प्रदर्शन किया। दर्जनों मजदूर खदान परिसर में एकजुट हुए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुर्गापूजा से पहले वेतन एवं बोनस का भुगतान करने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने आरोप लगाया कि दुर्गापूजा नजदीक होने के बावजूद कंपनी प्रबंधन वेतन और बोनस भुगतान को लेकर टालमटोल कर रहा है। मजदूरों के अनुसार, पिछले वर्ष उन्हें मात्र 1000 से 1500 रुपये तक बोनस दिया गया था। इस वर्ष मजदूरों ने अपने वेतन के बराबर बोनस देने की मांग की है।

मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और कामकाज पूरी तरह ठप रखकर आंदोलन जारी रखेंगे।

वहीं, मजदूरों ने मजदूरी भुगतान में कथित अनियमितता का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि काम पर रखे जाने के दौरान उन्हें 5500 रुपये प्रतिमाह मजदूरी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 30 दिन काम करने के बावजूद कथित रूप से केवल 3500 रुपये का भुगतान किया जाता है। मजदूरों का आरोप है कि शेष 2000 रुपये प्रति मजदूर का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन से पूरे महीने की मजदूरी का भुगतान करने, कथित बकाया राशि की जांच कराने और दुर्गापूजा से पूर्व उचित बोनस देने की मांग की है।

विरोध-प्रदर्शन में बलराम गोस्वामी, गौतम पोद्दार, दिलीप दास, उत्तम बाउरी, नवल भोक्ता, कुंदन यादव, राजू यादव, सुरेश यादव, ठाकुर दास, रंजीत दास, विशाल ठाकुर, मनोज गोस्वामी, भादो राय, लट्टू भांड, गंगू बाउरी, राम मरांडी सहित दर्जनों मजदूर मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy