जमीनी विवाद में दो पक्ष भिड़े, दो हिरासत में
चतरा, 01 सितंबर (हि.स.)। टंडवा प्रखंड के सिसई गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में अंकित पांडेय पिता विकास पांडेय के सिर में गंभीर चोट लगी है। परिजनों के अनुसार दीपक पांडेय, दिलीप पांडेय और नंदकिशोर पांडेय कथित रूप से लाठी-डंडे, रॉड व अन्य हथियार लेकर राजेश पांडेय के घर में घुस गए और घर के पुरुष सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान अंकित पांडेय के सिर में गंभीर चोट लगी। आरोप है कि इसके बाद दिलीप पांडेय ने अंकित को दौड़ाकर हमला करने का प्रयास किया। जिससे उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घायल के पिता ने बताया कि नंदकिशोर पांडेय के साथ पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
उनका दावा है कि अंचल अधिकारी टंडवा एवं अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया के स्तर से उनके पक्ष में आदेश प्राप्त है जबकि जमीन से संबंधित मामला व्यवहार न्यायालय चतरा में भी लंबित है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष द्वारा पूर्व में भी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास और मारपीट की घटनाएं की गई हैं। मारपीट में घायल अंकित को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टंडवा ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए दीपक पांडेय और दिलीप पांडेय को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

