home page

सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ने कई बूथों पर बीएलए-2 को मतदाता ड्राफ्ट सूची नहीं मिलने का उठाया मुददा

 | 
सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ने कई बूथों पर बीएलए-2 को मतदाता ड्राफ्ट सूची नहीं मिलने का उठाया मुददा


रांची, 05 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के रवि कुमार की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों पर बुधवार को चर्चा हुई।

बैठक में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व प्रदेश महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया।

पार्टी ने मतदाता सूची और संबंधित प्रक्रियाओं को लेकर कई अहम मुद्दे उठाए।

बैठक के दौरान कांग्रेस ने शिकायत दर्ज कराई कि 05 अगस्त को जारी होने वाली मतदाता ड्राफ्ट सूची अब तक कई बूथों पर बीएलए-2 को नहीं मिली है। जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 185, 186 और 187 का उदाहरण देते हुए बताया गया कि बीएलओ की ओर से एजेंटों को सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है।

इस पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए गुरुवार तक सभी बीएलए-2 को नि:शुल्क ड्राफ्ट सूची मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिया।

कांग्रेस नेताओं ने एएसडीडी सूची को लेकर भी गहरी चिंता जताई। इस सूची में लगभग 14.50 लाख ऐसे मतदाता शामिल हैं जो अनुपस्थित या अनमैप्ड हैं। आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया कि 15 दिनों के भीतर इन मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा।

पार्टी की ओर से दावा और आपत्ति दर्ज कराने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की गई थी। इस पर चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि 08 एवं 09 अगस्त और 22 तथा 23 अगस्त को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां प्राप्त दावों और आपत्तियों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak