आर्मी जवान के साथ मारपीट के आराेप में हाेटल संचालक पर मामला दर्ज
रामगढ़, 02 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ शहर के हाई-वे पर स्थित क्वालिटी लाइन होटल के मालिक को एक आर्मी के जवान के साथ मारपीट करना महंगा पड़ गया। इस मामले में आर्मी जवान गणेश कुमार मुंडा के भाई मुकेश कुमार मुंडा ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने गुरुवार काे बताया कि 30 जून को आर्मी जवान गणेश कुमार मुंडा और उनके साथी महेंद्र महतो होटल में खाना खाने देर रात गए थे। क्वालिटी लाइन होटल में खाना खाने के दौरान गणेश कुमार मुंडा ने अपना मोबाइल को चार्ज करने के लिए वहां लगाया। खाना खाने के बाद जब वे बाहर निकले तो उन्हें अपने मोबाइल का ध्यान आया।
इसी बीच होटल के मालिक होटल बंद कर घर चले गए। तब गणेश कुमार मुंडा ने होटल के बोर्ड पर लिखे नंबर पर फोन कर अपने मोबाइल दिलाने की मांग की। इसी बात पर होटल मालिक ने मोबाइल देने से मना कर दिया। इसी बीच उन दोनों के बीच फोन पर बहस हुई।
इसी दौरान होटल के मालिक गणेश सिंह और उनके दोनों पुत्र अमन सिंह और आदित्य सिंह 10-12 लोगों के साथ दो कार से वहां पहुंचे और लोहे के रोड, लाठी डंडे और हथियार से मारपीट करना शुरू कर दिया। साथ ही आर्मी के उस जवान को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

