home page

अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, दो सप्लायर भी दबोचे गए

 | 
अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, दो सप्लायर भी दबोचे गए


देवघर, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टावर चौक स्थित एक स्कूल के समीप से पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। युवक की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लाई करने वाले दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त और संदिग्धों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देख संदिग्ध हालत में छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार युवक की पहचान साहिल श्रीवास्तव (22) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह हथियार दो युवकों से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दोनों सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें विजय चौहान उर्फ विजय गुप्ता (24) और गौरव कुमार झा उर्फ मोंटी (23), निवासी कर्णकोल मोड़ (कुंडा थाना) शामिल हैं।

इस अभियान का नेतृत्व नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार कर रहे थे। टीम में मुकेश कुमार तिवारी, सुमंत प्रसाद, मुकेश कुमार, शंकर रजक सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से अवैध कट्टा के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मौके पर पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy