home page

खेलगांव में तीन से 15 सितंबर तक होगी सेना भर्ती रैली

 | 
खेलगांव में तीन से 15 सितंबर तक होगी सेना भर्ती रैली


रांची, 02 सितंबर (हि.स.)। खेलगांव स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में तीन से 15 सितंबर 2026 तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में बड़ी संख्या में झारखंड के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारी की है। रैली की तैयारियां एक सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी हैं। उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी कर 12 महत्वपूर्ण स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया है।

रेस्ट एरिया, फुटबॉल मैदान, हैंगर, टावर नंबर-3 और 4, स्टेडियम परिसर, मुख्य गेट, मेडिकल जांच गेट-2 और मेन रोड सहित अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बताया गया कि जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल टैंकर, वाटर टैप, बसें, सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। बिजली आपूर्ति, जनरेटर, लाइट, पंखे और कूलर की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच के लिए कंप्यूटर और डेटा एंट्री ऑपरेटर उपलब्ध रहेंगे। मेडिकल टीम, महिला-पुरुष चिकित्सक, एंबुलेंस और कॉमन रूम की व्यवस्था रहेगी। यातायात नियंत्रण के लिए रूट प्लान लागू किया जाएगा। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर दलालों से सावधान रहने का प्रचार किया जाएगा।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से मूल दस्तावेज सुरक्षित रखने, किसी को पैसे नहीं देने और ठगी से बचने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar