home page

खूंटी बाइपास को लेकर अर्जुन मुंडा ने की नितिन गडकरी से मुलाकात

 | 
खूंटी बाइपास को लेकर अर्जुन मुंडा ने की नितिन गडकरी से मुलाकात


खूंटी, 14 जुलाई (हि.स.)। खूंटी जिले के लिए बहुप्रतीक्षित बाइपास सड़क परियोजना को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। मंगलवार को नई दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर खूंटी बाइपास सहित झारखंड की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को जल्द गति देने का आग्रह किया।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि बाइपास बनने से खूंटी शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही स्थानीय लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि खूंटी बाइपास केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास का आधार बनेगा। इससे खूंटी सहित आसपास के आदिवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में झारखंड की अन्य लंबित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई और उन्हें शीघ्र पूरा करने पर सकारात्मक चर्चा हुई। हालांकि खूंटी बाइपास परियोजना अभी भी भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति जैसी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अटकी हुई है। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार इन प्रक्रियाओं को राज्य सरकार की ओर से पूरा किया जाना है। करीब दो वर्ष पहले शिलान्यास होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

अधिकारियों का कहना है कि परियोजना में लगातार हो रही देरी से इसकी अनुमानित लागत भी बढ़ रही है। भूमि अधिग्रहण और वन स्वीकृति पूरी होने के बाद ही परियोजना का पुनः टेंडर जारी किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा