पुराने एनएच और 10 स्टेट हाईवे सड़क का हो रहा सीमांकन
रामगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। जिले में पथ निर्माण विभाग एक बार फिर अपनी सड़कों का सीमांकन कर रहा है। जिले में 10 ऐसी सड़कों को पहले चरण में चिन्हित किया गया है, जहां अतिक्रमण होने की संभावना है। स्टेट हाईवे की सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण में भविष्य में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए अभी से ही प्रारूप तैयार किया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता राजीव रंजन कुमार मुंडा ने सोमवार को बताया कि पहले चरण में 10 सड़कों को चिन्हित किया गया है। रामगढ़ शहर का पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 33 और 23 की नापी भी होगी।
पटेल चौक से सांडी सड़क की नापी चल रही है। सड़क के बीचों-बीच से दोनों तरफ 75 फीट जमीन का अधिग्रहण काफी पहले ही हो चुका था। कई जगहों पर यह काम और ज्यादा भी हो सकता है। लेकिन अधिग्रहित भूमि पर सीमांकन कर पीलर गाड़ा जाएगा। कोठार ओवर ब्रिज से थाना चौक के बीच वाया चट्टी बाजार सड़क का भी सीमांकन होगा।
वहां सड़क के बीच से दोनों तरफ 30 फीट सड़क नापी जाएगी। इसके अलावा अशोक सिनेमा से भाया रऊता छत्तरमांडू गांव तक दोनों तरफ 25 फीट, रजरप्पा से धोबिया जरा बस्ती तक दोनों तरफ 25 फीट, ललकी घाटी से मरांगमर्चा गांव तक दोनों तरफ 25 फीट, ललकी घाटी से छत्तरमांडू तक दोनों तरफ 25 फीट, बड़की पोना से कुल्ही गांव तक दोनों तरफ 25 फीट, नया मोड़ चैनपुर से रजरप्पा तक दोनों तरफ 25 फीट, रजरप्पा फोरलेन में दोनों तरफ 40 फीट, नई सराय से गिद्दी सड़क पर दोनों तरफ से 25 फीट की मापी कर पिलर लगाया जाना है। नापी की शुरुआत हो चुकी है।
वहीं नई सराय से सांडी तक कई स्थानों पर पिलर लगा दिया गया है, ताकि यह पता चल सके कि पथ निर्माण विभाग की जमीन कहां तक है। भविष्य में वहां तक सड़क निर्माण का प्रारूप तैयार करने में विभाग को दिक्कत ना हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

