श्री राधाकृष्ण मंदिर में अपरा एकादशी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रांची, 13 मई (हि.स.)। राजधानी के पुंदाग में
श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में बुधवार को अपरा एकादशी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाई गई।
प्रणामी ट्रस्ट की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम संत स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा और मंत्रोच्चार के साथ हुई। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और श्रीराधा-कृष्ण की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।
मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधिवत पूजा संपन्न कर भगवान को लड्डू, मेवा, फल और केसरिया दूध का भोग अर्पित किया। पूजा के बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद भक्तों के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया।
माैके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने कहा कि अपरा एकादशी आत्मशुद्धि, संयम और आध्यात्मिक चेतना का पर्व है। उन्होंने बताया कि 16 मई को वट सावित्री पूजा के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा।
अनुष्ठातन में डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवक्ता संजय सर्राफ सहित बडी संख्या में लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

