home page

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम में 273वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन

 | 
श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम में 273वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन


रांची, 05 जुलाई (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट, पुंदाग की ओर से संचालित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में रविवार को 273वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजन किया गया। संत शिरोमणि स्वामी डॉ. सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन-पूजन के बाद महाप्रसाद ग्रहण किया।

महाप्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, छाछ, लीची जूस और आलू चिप्स का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरे दिन भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

इससे पहले श्री राधा रानी का पुष्पों और आभूषणों से विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को महाप्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण शुरू किया गया।

धार्मिक आयोजन के दौरान ट्रस्ट के भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। श्रद्धालु भजनों पर भावविभोर होकर झूमते और प्रभु भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती के साथ हुआ।

ट्रस्ट के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि रविवार को दिनभर में लगभग चार हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और महाप्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क वेजिटेबल खिचड़ी का महाप्रसाद वितरित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

इस पावन अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। -----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar