आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में जल्द होगी बढ़ोतरी : जय प्रकाश पांडेय
रांची, 13 जून (हि.स.)। झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने दावा किया है कि केंद्र सरकार जल्द ही देशभर के आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी करेगी।
उन्होंने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि राष्ट्रीय आंगनवाड़ी संघ के केंद्रीय महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात कर आंगनवाड़ी कर्मियों की समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। इसके बाद कर्मियों के मानदेय में बढ़ोत्तरी का आश्वासन मिला है। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी राज्यों में आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में वृद्धि को लेकर सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही प्रत्येक तीन वर्ष पर नया मोबाइल उपलब्ध कराने तथा मोबाइल रिचार्ज के लिए प्रतिवर्ष 4000 रुपये की राशि स्वीकृत करने पर भी सहमति जताई गई है।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाओं की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा, जिस पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन मिला है। पांडेय ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में आंगनवाड़ी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

