home page

नामकुम अंचल कार्यालय में सीओ को गोली मारने की धमकी देने वाला अमीन गिरफ्तार

 | 
नामकुम अंचल कार्यालय में सीओ को गोली मारने की धमकी देने वाला अमीन गिरफ्तार


रांची, 28 फरवरी (हि.स.)।

नामकुम अंचल कार्यालय में शनिवार को अमीन मो. सैयद अली ने सीओ के कक्ष में घुसकर कथित रूप से गोली मारने की धमकी दे दी। घटना के बाद सीओ की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

दोपहर के समय अंचल अधिकारी अपने कक्ष में कार्यालय कार्य कर रहे थे।

इसी दौरान अमीन सैयद अली कक्ष में पहुंचे और किसी कार्य को लेकर उन पर दबाव बनाने लगे। अंचल अधिकारी के मना करने पर अमीन ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख अंचल अधिकारी ने तत्काल गार्ड को बुलाया, जिसके बाद अमीन को कक्ष से बाहर कर दिया गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वह दोबारा कक्ष में घुस आया और सीओ को गोली मारने की धमकी दी। इस दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद अंचल अधिकारी ने नामकुम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपित अमीन को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे