home page

एनीमिया उन्मूलन के लिए एएमबी टी-4 मोबाइल ऐप के क्रियान्वयन पर जोर

 | 
एनीमिया उन्मूलन के लिए एएमबी टी-4 मोबाइल ऐप के क्रियान्वयन पर जोर


रांची, 14 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के राज्य आईईसी कोषांग की ओर से गुरुवार को एनीमिया उन्मूलन के लिए विकसित एएमबी टी-4 मोबाइल ऐप के सफल क्रियान्वयन को लेकर नामकुम स्थित एनएचएम कार्यालय में ऑनलाइन बैठक हुई।

बैठक में डॉ विजय रजक ने बताया कि एक महीने के भीतर राज्यभर में एएमबी टी-4 ऐप को इंस्टॉल कर पूरी तरह सक्रिय करने की योजना है। बैठक में ऐप की तकनीकी विशेषताओं, इसके विस्तार और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के साथ एकीकरण पर चर्चा हुई।

इस दौरान ऐप के ऑफलाइन मोड, रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और गंभीर एनीमिया मामलों की ट्रैकिंग प्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही ऐप को जैप आईटी के सर्वर पर माइग्रेट करने सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इस दौरान बताया गया कि हाल ही में चंडीगढ़ में आयोजित 10 वें राष्ट्रीय स्वास्थ्य शिखर सम्मेलन में झारखंड के एएमबी टी-4 मोबाइल ऐप और एकीकृत शिशु देखभाल मॉडल को देश की सर्वश्रेष्ठ कार्यप्रणालियों में शामिल करते हुए सम्मानित किया गया था।

बैठक में शिशु स्वास्थ्य कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ विजय रजक, आईईसी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह, जैप आईटी और भारत सरकार के आईईजी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar