home page

एलाइड हेल्थकेयर शिक्षा को मिलेगा नया नियामक ढांचा, स्वास्थ्यकर्मियों काे प्रशिक्षण का सुझाव

 | 
एलाइड हेल्थकेयर शिक्षा को मिलेगा नया नियामक ढांचा, स्वास्थ्यकर्मियों काे प्रशिक्षण का सुझाव


रांची, 01 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में एलाइड एवं हेल्थकेयर शिक्षा को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को झारखंड राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद की पहली बैठक हुई। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में पाठ्यक्रमों के नियमन, संस्थानों की संबद्धता और विद्यार्थियों के पंजीकरण सहित कई मुद्दों पर निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि एलाइड एवं हेल्थकेयर क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण से राज्य को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने सहिया, एमपीडब्ल्यू सहित कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों के लिए करीब छह माह का विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार करने का सुझाव दिया।

काउंसिल की चेयरपर्सन डॉ मनीषा किरण ने परिषद की भूमिका को लेकर कहा कि कॉलेजों और संस्थानों को संबद्धता देने के साथ पाठ्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। डिप्लोमा सहित विभिन्न स्तर के पाठ्यक्रम परिषद के नियमन में होंगे।

बैठक में ट्रांजिशन बैच के विद्यार्थियों की परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। जिन पाठ्यक्रमों की अंतिम परीक्षा नहीं हो सकी है, उनके संबंध में कैबिनेट के माध्यम से निर्णय लेने पर सहमति बनी। परिषद के लिए आवश्यक पदों के सृजन और समर्पित वेब पोर्टल विकसित करने का भी निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर डॉ सिद्धार्थ सान्याल, डॉ डीके सिन्हा, डॉ अजीत खलखो, डॉ विनोद कुमार, अंशु सिंह सहित परिषद के अन्य सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar