home page

आईपीएस पर गोली मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप, थाने में शिकायत

 | 
आईपीएस पर गोली मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप, थाने में शिकायत


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। अशोक नगर रोड नंबर-1 निवासी शरीफ इब्राहिम ने अपने पड़ोसी और आईपीएस अधिकारी डीआईजी आलोक प्रियदर्शी के खिलाफ अरगोड़ा थाना प्रभारी को बुधवार को एक लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डीआईजी ने अपनी सरकारी गाड़ी से सार्वजनिक रास्ता जाम कर पूरे परिवार को बंधक बनाया और विरोध करने पर एके -47 से गोली मारने और फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी।

आवेदन के अनुसार, पीड़ित शरीफ इब्राहिम का कहना है कि डीआईजी ने उनके घर तक जाने वाली सार्वजनिक सड़क पर कब्जा करने के उद्देश्य से अपनी सरकारी गाड़ी (जेएच 01 सीसी 2556) उनके मुख्य गेट पर अड़ाकर खड़ी कर दी। इससे सड़क पूरी तरह से जाम हो गई और पीड़ित का परिवार घर के भीतर ही कैद होकर रह गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने रास्ता जाम करने का विरोध किया, तो डीआईजी अपने बॉडीगार्ड्स के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने अपने अंगरक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई भी गाड़ी में सटा तो उसे सीधे गोली मार दो। इसके अलावा, आवेदन में यह भी कहा गया है कि डीआईजी ने आईपीएस पद का धौंस दिखाते हुए धमकी दी मैं आईपीएस हूं तुम मेरा क्या बिगाड़ लोगे। ऐसे केस में अंदर डालूंगा कि जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। फिलहाल आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे